बलिया। यूपी बिहार के बॉर्डर भरौली गोलंबर से रोज दो से तीन हजार लाल बालू लदे ट्रक पूर्वाचल के विभिन्न जिलों में जाते हैं। बिहार के कोइलवर से लाल बालू लादकर ट्रक यूपी में बिना आईएसटीपी शुल्क जमा किए नंबर प्लेट ढक कर निकल रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक सरकार को इससे रोजाना 25 लाख से अधिक का नुकसान होता है।
प्रतिघन मीटर 150 रुपये शुल्क लगता है। ट्रक पर मोरंग (लाल बालू) लोड करते समय ऑनलाइन शुल्क जमा करने का नियम है, लेकिन बार्डर पर जांच न होने के कारण अधिकतर ट्रक मालिक व चालक दो से तीन हजार रुपये आईएसटीपी बचाने के लिए नंबर ढक कर बार्डर पार करते हैं। बुधवार को बार्डर पर पड़ताल के दौरान नंबर ढके ट्रकों व डंपरों की लंबी लाइन लगी रही। सड़क किनारे सीसी कैमरे और चेतावनी बोर्ड लगने के बावजूद बेपरवाह चालक यूपी में एंट्री करते रहे। नंबर प्लेट ढके होेने के कारण सीसी कैमरा जुर्माना नहीं लगा पा रहा था।
नरहीं वसूली कांड के बाद पुलिस ने ट्रकों की जांच बंद कर दी थी। इसका फायदा उठाकर रात के अंधेरे में हजारों ट्रक नंबर प्लेट ढक कर बार्डर पार कर यूपी में प्रवेश करते हैं। खनन अधिकारी सौरभ कुमार की मांग पर शासन ने पुलिस को बालू लदे ट्रकों की जांच का आदेश दिया था, लेकिन एसपी ओमवीर सिंह ने राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम को जांच का निर्देश दिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में 13 नवंबर को डीएम मंगला प्रसाद की मौजूदगी में राजस्व, परिवहन, पुलिस व खनन विभाग की संयुक्त टीम बनी जिसे बार्डर पर जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन टीम की बार्डर पर मौजूदगी न होने क कारण बालू लदे ट्रक गुजर रहे हैं।
तीन शिफ्ट में जांच करने उतरी टीम
यूपी-बिहार के भरौली बार्डर पर नंबर प्लेट ढक कर आने की खबर पर बुधवार की रात से खनन अधिकारी सौरभ कुमार, परिवहन विभाग, पुलिस व राजस्व विभाग की टीम तीन शिफ्ट में जांच करने उतरी है। टीम की सक्रियता बढ़ने पर ट्रकों का आना कम हो गया है। बिहार साइड में सैकड़ों बालू लदे ट्रक खड़े हैं। चालक जांच टीम के हटने का इंतजार कर रहे हैं।
30 ट्रकों से 8.50 लाख रुपये जुर्माना वसूला
बलिया। यूपी बिहार के बार्डर भरौली गोलंबर पर आईएसटीपी शुल्क जमा न कर नंबर प्लेट ढक कर यूपी में प्रवेश करने वालों ट्रकों की जांच खनन अधिकारी सौरभ कुमार के नेतृत्व में टीम ने की। इस दौरान बिहार से लाल बालू लेकर नंबर ढक कर आ रहे 30 ट्रकों से 8.50 लाख रुपये जुर्माना वसूला। इस कारण बिहार से आने वाले ट्रक गंगा पुल के पहले ही रुक गए। इसके कारण जाम लग गया। खनन अधिकारी सौरभ कुमार ने कहा कि बार्डर पर सीसी कैमरा लगा है। ट्रक चालक कैमरे की नजर से बचने के लिए नंबर प्लेट को ढक कर आते थे।
बिहार से लाल बालू लादकर आईएसटीपी शुल्क की चोरी करने के लिए नंबर प्लेट ढक कर यूपी में आने वाले ट्रकों की जांच के लिए डीएम ने पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। बुधवार की रात से तीन शिफ्ट में गठित टीम जांच कर रही है। - सौरभ कुमार, खनन अधिकारी बलिया।