खेजुरी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश यात्रा का स्वागत करते लोग। संवाद
पंदह। जल, जीवन, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय साइकिल यात्रा शुक्रवार को खेजुरी पहुंची।
पद्मश्री एवं पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व और रामबाबू तिवारी के संयोजन में निकली इस यात्रा के जरिये नदियों के पुनर्जीवन, जल संरक्षण, प्रदूषण मुक्त परिवहन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान पद्मश्री डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि जनकपुर से देहरादून तक प्रस्तावित यह यात्रा केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है।
यात्रा के माध्यम से युवाओं, किसानों और समाज के विभिन्न वर्गों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश है। साइकिल यात्रा के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा, प्रदूषण मुक्त परिवहन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
कहा कि नदियों को बचाना सभ्यता और जीवन को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। जल स्रोत सुरक्षित रहेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने जल संरक्षण, हरित पर्यावरण और स्वच्छ भविष्य के लिए सामूहिक पहल करने की अपील की। खासकर युवाओं से इस पहल से जुड़ने और यात्रियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।