बलिया। निकाय चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों की खैर नहीं है। निकाय चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के दौरान सरकारी मशीनरी सोशल मीडिया पर पूरी नजर रख रही है।
चुनाव आयोग ने प्रदेश के निकाय चुनाव को लेकर सभी डीएम और एसपी को पत्र प्रेषित कर कहा कि निकाय चुनाव के दौरान नागरिकों की ओर से एसएमएस व सोशल मीडिया पर पोस्ट की जाने वाली सामग्री पर कड़ी नजर रखी जाएं। आयोग ने इसके लिए मीडिया सेल को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने वाले फोटो, वीडियो, ऑडियो क्लिप पर नजर रखने का भी निर्देश दिया है। ताकि जनसाधारण तक गलत, भ्रामक और सनसनी फैलाने वाली सूचनाएं फैला कर चुनाव में कोई बाधा न उत्पन्न कर सकें। ऐसी सूचनाएं सोशल मीडिया के माध्यम से ही वायरल की जाती हैं। इससे कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा पैदा हो जाता है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होने से समाप्ति तक सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले सभी पोस्ट व संदेशों पर कड़ी नजर रखें। गलत व भ्रामक और सनसनीखेज सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
एएसपी डीपी तिवारी ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है। भ्रामक सूचनाएं वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।