बांसडीह। कस्बे के नई बस्ती वार्ड 15 में मंगलवार की देर शाम शराब ठेके के पास नशे में धुत तीन बाइक सवार युवकों ने लड़की के साथ छेड़खानी की। उसे जबरन बाइक पर बैठाने लगे। लड़की के शोर मचाने पर बस्ती के लोग दौड़े तो तीनों भाग गए। इसकी शिकायत बस्ती वालों ने पुलिस से की। मौके पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
अगले दिन बुधवार को नाराज बस्ती की महिलाएं व पुरुष काफी संख्या में कोतवाली पहुंच गए। आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की। साथ ही देसी शराब की दुकान को हटाने की मांग भी की। कहा कि नई बस्ती में सभ्य और व्यापारी समाज रहता है। बस्ती में ही देसी शराब की दुकान खोली गई है। शराब पीने वाले दुकान से शराब खरीद कर रास्ते में ही बैठ कर पीते हैं। बाजार आने वाले महिलाओं से छेड़खानी करते हैं।
लोगों ने बताया कि पांच-छह महीने लगभग पहले नशे में धुत युवक ने एक दुकानदार का ईंट से सिर फोड़ दिया था। उसकी मौत हो गई थी। लोगों ने चेतावनी दी कि शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो जिलाधिकारी और एसपी से इसकी शिकायत करेंगे। उसके बाद भी कोई हल नहीं निकला तो आंदोलन करेंगे।
कोतवाली प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची थी। हिदायत दी गई है। दुकान हटाने के लिए पत्राचार किया जाएगा।