बैरिया एसडीएम से वार्ता करते विधायक सुरेंद्र सिंह।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। विधायक सुरेंद्र सिंह मंगलवार को तहसील में पहुंचे जनता का काम समय से नहीं करने की बात करते हुए तहसीलदार को फटकारा। कहा कि जनता का काम नहीं करना है तो छुट्टी लेकर चले जाएं। यह भी कहा कि जनता को परेशानी होगी तो अधिकारियों को मैं नहीं बख्शता। एसडीएम अशोक चौधरी के समझाने-बुझाने पर किसी तरह विधायक शांत हुए। विधायक ने लंबित कई लोगों के मामलों को अपने सामने ही निस्तारण कराया। विधायक के तेवर देख तहसील में आने वाले लोग खुश दिखे।
बताया जाता है कि विभिन्न गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार की सुबह विधायक सुरेंद्र सिंह के यहां पहुंचे और शिकायत की कि तहसीलदार छोटे-छोटे कार्य भी नहीं करते हैं और समस्याओं का निस्तारण करने में हीलाहवाली करते हैं। इसके चलते हमलोग परेशान हो चुके हैं। इसके बाद विधायक ने ग्रामीणों को तहसील में चलने कहते हुए खुद भी तहसील पहुंच गए। तहसील में एसडीएम के कक्ष में बैठे तहसीलदार का जमकर क्लास लिया और कहा कि यहां रहना है तो जनता का काम करना पड़ेगा। कहा कि अगर जनता का काम नहीं करना है तो छुट्टी लेकर चले जाएं। एसडीएम ने बीच बचाव करना चाहा तो उन पर भी विधायक उखड़ गए। बाद में किसी तरह एसडीएम ने विधायक को शांत कराया। तहसीलदार ने विधायक को भरोसा दिलाया कि अब शिकायत का मौका नही दूंगा।