बेल्थरारोड। विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़, निर्बाध और उपभोक्ताओं के लिए अधिक सुगम बनाने के लिए क्षेत्रीय सुभासपा विधायक हंसू राम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने सोनाडीह एवं छितौना क्षेत्र की बाधित आपूर्ति को हर हाल में जल्द से जल्द सुचारू रूप से बहाल करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने क्षेत्र में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, ओवरलोडिंग एवं लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं के स्थाई समाधान का निर्देश दिया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि जनता को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सके।