कोतवाली क्षेत्र के मनियर-मैरीटार मार्ग स्थित मजोशनाथ मंदिर के पास गुरुवार की शाम हुए ट्रक हादसे में बालक की मौत के बाद उसका शव कब्जे में लेने में पुलिस को पसीने छूट गए।
देर रात ग्रामीणों को सड़क से हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। जिससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा बाद में हवाई फायरिंग कर पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में शुक्रवार को बांसडीह कोतवाली में डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गांव में पुलिस की दबिश से हड़कंप मचा हुआ है।
उधर, ट्रक चालक ने भी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस घटना से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार की सुबह भी हंगामा किया और कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। चालक संतोष यादव निवासी खनवर(नगरा) ने ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी है।
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के श्रीरामपट्टी निवासी भोला राजभर का पुत्र विक्की राजभर (10) गुरुवार की शाम ट्यूशन पढ़कर पैदल अपने घर जा रहा था। मजोशनाथ मंदिर के पास ट्रक की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा और उसे जमकर पीटा। इसके बाद शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। सीओ लच्छीराम यादव, कोतवाल वशिष्ठ नारायण दूबे ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, पर लोग मानने को राजी नहीं हुए।
रात सवा दस बजे के करीब पहुंचे एसपी अनीस अहमद अंसारी और एएसपी केसी गोस्वामी के समझाने पर भी जाम न हटाने पर पुलिस ने लाठियां भांजी जिस पर भीड़ ने पुलिस दल पर पथराव शुरू कर दिया। बाद में हवाई फायरिंग कर पुलिस ने भीड़ को तितर बितर किया और शव को कब्जे में लिया।
एसपी के निर्देश पर 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना से गुस्साए लोग ों ने शुक्रवार की सुबह भी हंगामा किया और दो वाहनों को रोकने की कोशिश में उनके शीशे तोड़ डाले और काफी देर तक सड़क पर हंगामा किया।