बलिया। बांसडीह शिक्षा क्षेत्र के इंटर कॉलेज ताजपुर मुड़ियारी में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) योजना में 13 लाख रुपये के घोटाले के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के एक सप्ताह बाद भी जिला मिड डे मील के समन्वयक अजीत पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है।
इस मामले में कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पांडेय और एमडीएम के जिला समन्वयक अजीत पाठक के खिलाफ मनियर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी नामजद समन्वयक के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हुई है।
उधर, विभागीय स्तर पर भी अजीत पाठक के खिलाफ कार्रवाई अभी पत्राचार तक ही सीमित है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि अजीत पाठक संविदा पर तैनात थे। उनकी संविदा निरस्त करने के लिए पत्र प्रेषित किया जा रहा है।
चूंकि वह संविदाकर्मी हैं, इसलिए कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा जा रहा है। जिला प्रभारी को नोटिस दिया गया है। इंटर कॉलेज ताजपुर मुड़ियारी सहायता प्राप्त विद्यालय होने के कारण जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से भी विद्यालय प्रबंधक को पत्र भेजकर आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।