बैरिया। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार चौधरी ने रविवार को बैरिया-लालगंज मार्ग पर स्थित आपूर्ति विभाग के खाद्यान्न गोदाम पर छापा मारा। यह देख खाद्यान्न का उठान करने पहुंचे वाहन चालक अपने वाहन लेकर मौके से भाग खड़े हुए। इस दौरान मार्केटिंग इंस्पेक्टर गोपाल प्रसाद कन्नौजिया की गैर मौजूदगी में दो बाहरी लोग गोदाम के अंदर मिले। उपजिलाधिकारी ने रानीगंज मार्केटिंग इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार जायसवाल को बुलाकर गोदाम में ताला बंद कराया। वहीं, मौके पर मिले दो बाहरी लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गए।
उप जिलाधिकारी बैरिया ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालगंज खाद्य गोदाम से खाद्यान्न कालाबाजारी में बेचने के लिए बिहार भेजा जाने वाला है। इसे गंभीरता से लेते हुए गोदाम पर पहुंचे तो देखा कि एक ट्रक खड़ा था जिस पर खाद्यान्न लदा हुआ था। गोदाम खुला हुआ था। वहां मौजूद दो कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें एमआई ने रखा है। यह कर्मचारी खाद्यान्न गोदाम में उतरवा रहे थे, उनमें से एक अपना नाम विशाल कन्नौजिया निवासी हथौज थाना खेजुरी तथा दूसरे ने संतोष चौरसिया निवासी चौरीचौरा गोरखपुर बताया। एसडीएम ने बताया कि बगैर किसी जिम्मेदार अधिकारी को सूचना दिए एमआई का गायब होना अपने आप में गंभीर मामला है। उनकी गैर मौजूदगी में खाद्यान्न को गोदाम में रखना या बाहर भेजना नियम विरुद्ध है। कहा कि उनके आने के बाद स्टॉक का मिलान किया जाएगा। फिलहाल गोदाम को एमआई रानीगंज प्रदीप कुमार जायसवाल को बुलाकर बंद करा दिया गया है।