बोर्ड परीक्षा 21-22 में जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 43 बच्चों को शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा एक-एक लाख और 21-21 हजार की धनराशि का चेक और एक-एक टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। इसमें से 21 बच्चों को लखनऊ में शासन स्तर पर एक-एक लाख रुपये का चेक और एक-एक टैबलेट देकर सम्मानित किया। जबकि विकास भवन स्थित एनआईसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद नीरज शेखर, भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू और भाजपा के महामंत्री प्रदीप सिंह ने 22 बच्चों को 21-21 हजार की धनराशि का चेक और एक-एक टैबलेट देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर मेघावियों के चेहरे चमक रहे थे। जिले के कुल 43 मेघावी को सम्मानित करने के लिए शासन की ओर से 43 टैबलेट और करीब 24 लाख 62 हजार की धनराशि दी गई थी। इस दौरान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा विभाग के राकेश पांडेय, प्रफुल्ल कुमार श्रीवास्तव, संजय कुंवर आदि मौजूद रहे।