बलिया। जिले में पुरवा हवा और उमस के बीच तेज धूप से लोग बेहाल हैं। एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार चल रहा है। प्रशासन ने लू का अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि धूप में निकलते समय गमछा व टोपी लेकर निकलें। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.5 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार से न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री लुढ़क गया है। जिससे उमस बनी रही। सुबह से ही पुरवा हवाओं का असर रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप चटक होती गई और लोग पसीना से तरबतर दिखाई दिए। कुछ दूर पैदल चलने पर लोगों को प्यास लग जा रही थी।
जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित लू के खतरे को देखते हुए अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जब किसी क्षेत्र का तापमान लगातार तीन दिनों तक सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस या अधिक बना रहता है, तो उसे लू कहा जाता है। वहीं, विश्व मौसम संगठन के अनुसार यदि तापमान लगातार पांच दिनों तक सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहे या दो दिनों तक 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहे, तो उसे लू का असर माना जाता है। उन्होंने कहा कि 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान होने पर मानव शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगता है। अधिक देर तक तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से लू लगने की संभावना बढ़ जाती है।
नौतपा में और तपने का अनुमान
सोमवार 25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर जाएगा। इसके बाद नौतपा का दौर शुरू होगा। वैसे यह 15 दिनों तक रहता है लेकिन लेकिन शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है। सूर्य की यह स्थिति रोहिणी नक्षत्र में 15 दिनों तक रहती है लेकिन नौतपा के शुरुआती नौ दिनों में और तपने का अनुमान है। गांधी महाविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि नौतपा में लू व गर्मी बढ़ेगी।
लू के लक्षण
लू के प्रमुख लक्षण गर्म और लाल त्वचा, पसीना न आना, तेज नाड़ी, सांस लेने में तेजी, चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी, उल्टी जैसा महसूस होना, भ्रम की स्थिति तथा पेशाब कम होना हीट स्ट्रोक के मुख्य लक्षण हैं। एडीएम ने ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने का निर्देश दिया है।
ऐसे करें बचाव
अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, धूप में निकलते समय टोपी, छाता और चश्मे का उपयोग करने की सलाह दी है। यात्रा के दौरान पानी साथ रखने तथा ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और लस्सी जैसे पेय पदार्थों जरूर उपयोग करें।
-
मजदूर व कर्मचारियों के लिए सलाह
एडीएम ने खुले में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों को सिर और शरीर को ढककर रखने तथा बीच-बीच में आराम करने की सलाह दी गई है। गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
-
दोपहर 12 से शाम 4 बजे तेज धूप में निकलने से बचें
एडीएम अनिल कुमार ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने, भारी एवं गहरे रंग के कपड़े न पहनने तथा अधिक गर्मी में कठिन श्रम कार्य न करने को कहा है। इसके अलावा बासी भोजन, संक्रमित खाद्य पदार्थ, शराब, अधिक चाय और कॉफी से परहेज करने की भी अपील की है।
इस तरह चढ़ता जा रहा तापमान
तिथि-अधिकतमन्यूनतम
16 मई-40-26
17 मई-41-27
18 मई-41-28.5
19 मई-40.5-29
20 मई-40.5-28.5
21 मई-41.5-29.5
22 मई41.5 27