बलिया। जिले में सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्रामसभा देन्हुआं के ग्रामीणों ने डीएम भवानी सिंह खंगारौत को पत्रक सौंप कर भू माफियाओं के अत्याचार से मुक्त कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैमिली प्लानिंग के तहत गांव के श्रीराम शर्मा, भोला गोंड, लालबचन गोंड व विशुनधारी का नसबंदी किया गया। इसके एवज में सबके नाम आवंटित 32-32 डिस्मिल जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया। यही नहीं एसडीएम द्वारा साल 2019 में बाजार में एलाट 15 कट्ठा भूमि भी गरीबों में वितरित नहीं की गई। गांव के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद ग्राम सभा की जमीन पर भू माफियाओं ने कब्जा कर लिया है। इससे गरीबों को हक नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने चेताया कि जल्द ही समस्या का समाधान न होने की दशा में 10 अक्टूबर को ग्रामीण कलेक्ट्रेट कम्पाउंड में सामूहिक आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों में सुशील, राकेश, जिऊत आदि रहे।