बैरिया। थाना क्षेत्र के जगदेवा ढाही में विवाहिता की दुपट्टे के सहारे फंदे से शव लटकता मिला। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हो-हल्ला सुनकर किसी ने मायके वालों को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मामले में विवाहिता के भाई ने दहेज के लिए हत्या का आरोप पति, सास व ससुर पर लगाते हुए तहरीर दी है।
दोकटी थाना क्षेत्र के दोकटी निवासी पिन्टू यादव पुत्र सुरेन्द्र यादव ने बैरिया थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि दो मई को उसकी बहन ज्योति (20) की शादी जगदेवा ढाही गांव निवासी बन्नी यादव के पुत्र महेन्द्र यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, ससुर व सास दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मेरी बहन को मारते पीटते थे। मंगलवार को दहेज के लिए पति, सास व ससुर तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि विवाहिता के भाई पिन्टू यादव की तहरीर पर पति, सास व ससुर के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।