धर्मापुर। चितबड़ागांव क्षेत्र के कझारी मठिया में शुक्रवार की देर रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल वाले शव को गाजीपुर के सती मां के स्थान पर ले गए थे। उनका कहना था कि सर्पदंश से महिला की मौत हुई है। मायके वालों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कझारी मठिया निवासी लाल बहादुर राजभर की शादी पूनम राजभर (28) से वर्ष 2016 में बड़े धूमधाम से हुई थी। इनकी चार साल की बच्ची मोनिका है। शुक्रवार रात को पूनम राजभर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शनिवार सुबह शव लेकर सती मां के स्थान पर पहुंचे और उसे वहां से वापस ले आए इस सर्पदंश के मौत बताने की कोशिश की। सूचना पर मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पूनम राजभर के पिता सुनेद राजभर ने बताया कि मेरी लड़की को दहेज के लिए बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा था।कुछ समय से दहेज को लेकर कई बार पंचायतें भी हो चुकी थी। पति समेत सास और ससुर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ शिवराम कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृट्य फंदे से लटने से मौत का मामला सामने आ रहा है। परिजनों से मौत को सर्पदंश दिखाने की कोशिश की है। तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।