रामगढ़ (बलिया)। रेवती थाना क्षेत्र के नारायणपुर दीघार नई बस्ती में मोनी देवी पत्नी चंदन कुमार सिंह ने शुक्रवार की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
रेवती थाना क्षेत्र के नारायणपुर दीघार नई बस्ती निवासी रंग बहादुर सिंह के पुत्र चंदन कुमार सिंह उर्फ सोनू की शादी अप्रैल 2015 में डोकटी थाना क्षेत्र के टोला सिवान राय निवासी अजय कुमार सिंह की पुत्री मोनी कुमारी से हुई थी। चंदन के दो पुत्र रूद्र प्रताप (4) व विश्व प्रताप (दो) है। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पति चंदन कुमार उर्फ सोनू का रोते-रोते बुरा हाल हो गया था। वही चंदन के पिता रंग बहादुर सिंह अपनी सुध बुध खो चुके थे कि आखिर सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था तो मोनी ने ऐसा कदम क्यों उठा लिया। बात चाहे जो भी हो इस घटना के बाद मोनी के मायके से भी उसके भाई, उसके बड़े पापा और दादी भी चंदन के घर पहुंची। मृतका के परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाया कि लड़की के पिता कोलकाता से हवाई जहाज आ रहे हैं। उनके आने के बाद ही आप लोग शव को थाने पर ले जाय। लेकिन पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए थाने ले गई। पीड़ित पक्ष को आश्वासन दिया कि मोनी के पिता के आने तक शव को थाने पर ही रखा जाएगा, उसके पिता के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।