बलिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। इसमें कई कमियां पाई गई हैं। कई प्रधानाध्यापक और शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। संबधित का वेतन काटने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।
हनुमानगंज शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय टकरसन के निरीक्षण में प्रधानाध्यापक प्रेमलता सिंह, सहायक अध्यापक सुधा सिंह, सीमा पांडेय, पशुपति उपाध्याय 10 जुलाई अनुपस्थित पाए गए। शिक्षामित्र चंदन मिश्रा सात जुलाई से, अर्चना सिंह, माधुरी सिंह, लक्ष्मी राय 10 जुलाई से अनुपस्थित पाई गईं। पंजिका पर कर्मचारियों का एचआरएमएस कोड अंकित न होने के कारण ऑनलाइन निरीक्षण पूर्ण नहीं हो सका। प्रधानाध्यापक ने जिसको चार्ज दिया था, वह भी अनुपस्थित पाई गईं। अनुपस्थित पाई गई प्रेमलता सिंह, सुधा सिंह का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। शेष अनुपस्थित सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र का अनुपस्थित तिथि का वेतन काटा गया है। स्पष्टीकरण मांगा गया है। कंपोजिट विद्यालय शंकरपुर में शिक्षामित्र गीता मिश्रा अनुपस्थित पाई गई। उनका उक्त तिथि का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। शिक्षाक्षेत्र दुबहर के प्राथमिक विद्यालय मझौली चौहान बस्ती में शिक्षामित्र पूजा सिंह अनुपस्थित पाई गई। उनका भी उक्त तिथि का मानदेय काटने का निर्देश दिया गया है। प्राथमिक विद्यालय चंद्रपुरा रघुनाथपुर में सहायक अध्यापक सुमन सिंह तीन जुलाई से अनुपस्थित थी। उनका भी अनुपस्थित तिथि का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। प्राथमिक विद्यालय छाता नंबर एक में शिक्षिका कंचन मरियम 10 जुलाई से अनुपस्थित मिलीं। शिक्षामित्र देव कुमार यादव भी अनुपस्थित थे। सहायक अध्यापक अविनाश कुमार सिंह के पास विद्यालय का प्रभार है, जबकि वो अनुपस्थित शिक्षकों का एचआरएमएस कोड नहीं बता पाए। अनुपस्थित पाए गए अध्यापकों शिक्षामित्र का अनुपस्थित की तिथियों का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अविनाश कुमार सिंह का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय छाता में सभी स्टाफ उपस्थित पाया गया। कंपोजिट विद्यालय कुसौरा शिक्षा क्षेत्र बांसडीहमें सहायक अध्यापक कुलदीप 9 जुलाई से, शिक्षामित्र गायत्री 10 जुलाई से, अनुदेशक आनंद चौधरी एक जुलाई से अनुपस्थित पाए। सभी का अनुपस्थित तिथियों का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा क्षेत्र चिलकहर के कंपोजिट विद्यालय असनवार में सहायक अध्यापक शैलेंद्र कुमार, शिक्षामित्र चिंता यादव और देवेंद्र कुमार उपाध्याय अनुपस्थित पाए गए। प्रधानाध्यापक नरेंद्र राम ने किसी का अवकाश आवेदन नहीं चढ़ाया था। विद्यालय में मात्र 35 छात्रों का नामांकन मिला, जबकि पिछले सत्र में इनकी संख्या 68 थी। अनुपस्थित अध्यापकों और शिक्षा मित्र का अनुपस्थित तिथियों का वेतन काटा गया है। प्रधानाध्यापक का अगले आदेश तक वेतन रोक दिया गया है।