मनियर। मानिकपुर गांव में मंगलवार को एक ही परिवार के तीन कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद गांव को हॉटस्पॉट घोषित करने से ग्रामीण सहित परिजन दहशत में है। मंगलवार की रात पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम मां और उसके दो पुत्रों को लेकर इलाज के लिए लेकर रवाना हो गई। हालांकि केस मिलने के करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उस गांव में न तो बैरिकेडिंग की गई और ना ही किसी प्रकार की आवाजाही पर रोक है। बता दें कि विगत 25 जून को दिल्ली से एक परिवार के पांच सदस्य मानिकपुर गांव में आए थे। परिवार के एक सदस्य की मौत दिल्ली में हो गई थी। इसका दाह संस्कार करने के बाद वे लोग ब्रह्मभोज करने के लिए गांव पर आए थे। गांव वालों के जागरूकता और विरोध के चलते उनका ब्रह्मभोज का कार्यक्रम नहीं रखा गया। ग्रामीणों ने उनके परिवार के एक सदस्य की कोरोना के वजह से मौत की आशंका जताते हुए प्रशासन से पांचों सदस्यों की जांच की मांग की थी। बीते 26 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांच लोगों का सैंपल एकत्रित कर जांच हेतु भेज दिया। इसमें 30 जून को एक महिला सहित उसके दो बच्चों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आए थी। उसके बाद पुलिस ने मानिकपुर गांव से सटे रिगवन ढाले पर लगने वाले बाजार को बंद करा दिया लेकिन अभी तक गांव को सील नहीं किया गया है।