मनियर। पेट्रोल पंप पर कर्मचारी की पिटाई का विरोध करना पूर्व जिला पंचायत सदस्य और रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। मनबढ़ युवकों ने रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य व अन्य लोगों को भी पीटा। घटना में शामिल दो युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मनियर थाना प्रभारी मंतोष कुमार सिंह ने बताया की मारपीट हुई है। तहरीर मिली है। कार्रवाई चल रही है।
शनिवार की देर शाम एक बाइक पर सवार दो युवक मनियर रानीपुर स्थित नए पेट्रोल पंप पर तेल भराने गए। आरोप है कि वहां पर खड़े कर्मचारी छोटू यादव के पास तेज स्पीड में बाइक लेकर पहुंचे। छोटू यादव पीछे हट गया। घायल होने से बचा। इसके बाद छोटू यादव से बाइक सवारों की कहासुनी हुई। बाइक सवारों ने फोन से अपने गांव से युवकों को बुला लिया। बताया जा रहा है कि 20-25 की संख्या में लाठी डंडा लेकर पहुंचे लोगों ने छोटू यादव की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने यूपी पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर गंगापुर निवासी शिव परसन यादव पुत्र स्व.वासुदेव यादव एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जेपी यादव पुत्र पतिराम यादव निवासी धर्मपुरा खड़ीचा को भी पीट दिया। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर में उपचार कराया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए शिव परसन यादव को जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। शिव परसन यादव का इलाज एक निजी ट्रामा सेंटर में किया जा रहा है। घटना में शामिल दो युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इस संदर्भ में मनियर थाना प्रभारी मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट हुई है। तहरीर मिली है। कार्रवाई चल रही है।