बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के पिपरौली बड़ा गांव के असरेपुर निवासी बृजेश पासी (30) पुत्र राजदेव पासी का शव मंगलवार की रात घर के कमरे के अंदर पंखे के हुक के सहारे फंदे से लटकता हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
क्या है पूरा मामला
असरेपुर गांव निवासी बृजेश पासी मंगलवार को सामान्य दिनचर्या के मुताबिक अपने कमरे था और अंदर से अपना दरवाजा बंद कर लिया था। उसके पिता राजदेव को जब कमरे से उसकी कोई सुगबुगाहट नहीं मिली तो वह परेशान हो गए। उन्होंने आसपास के कमरे से झांककर देखा तो वह पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। बेटे का शव देख पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। बृजेश नशे का आदी था। वह नशे की हालात में अपनी पत्नी से विवाद करता था। इससे नाराज होकर उसकी पत्नी सरस्वती अपने मायके चली जाती थी। दो बेटे पांच वर्षीय आदित्य और चार वर्षीय अंकुश है। घटना के बाद से परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसएचओ संजय शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी हैं।