नोटबंदी के पचास दिन बाद भी समस्या जस की तस बनी रहने से क्षुब्ध भाकपा माले एसयूसीआई के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस मौके पर भाकपा माले नेता श्रीराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी करके जनभावनाओं से खेला है।
अमीरों का कर्जा माफ करने के साथ ही उन्होंने गरीबों को मुसीबत में डालकर विदेश भ्रमण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किया है। मोदी के नोटबंदी के चलते पूरे देश में आपातकाल की स्थिति पैदा हो गई। वहीं पूंजीपति आराम से अपना कारोबार करते रहे। गरीबों को पूरे दिन कतार में लगने के बाद भी पैसा नहीं मिला। घर में रखे पैसे भी खोटे सिक्के बन गए। जिससे आम जनता पूरी तरह से परेशान रही। कहा कि बैंकों पर उनका कोई फरमान पर काम नहीं किया। बैंक अधिकारी और कर्मचारी गरीब लोगों के पैसे पर नजर गड़ाए हुए है। अब गरीब अपना पैसा बैंक में लेकर जाता भी है तो उसे चोर की तरह देखा जाता है।
वहीं विजय माल्या जैसे करोड़पति लोगों को करोड़ों रुपये माफ कर दिया जाना देश के आम गरीबों के साथ कितनी बड़ी विड़ंबना है। मोदी ने करोड़ों रुपये खर्च कराने के बाद गुरबत में जीने वाले लोगों के लिए कोई नया कार्य नहीं किया। इस मौके पर लाल साहब, शैलेंद्र कुमार, मुनि सिंह, नियाज अहमद, राधेश्याम चौहान, रमाशंकर राम, कमलावती, रामनिवास, बृजलाल, जितेंद्र पासवान, लक्ष्मण यादव, कुबेर चौहान आदि लोग मौजूद रहे।