बलिया। गाजीपुर से मांझीघाट तक बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे से शहर से सटे माल्देपुर को जोड़ा जाएगा। इससे शहरवासियों को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर चढ़ने में लंबी दूरी की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए एक साल से मांग चली रही थी। डीएम ने प्रस्ताव बनाकर भेजा था। सांसद से लेकर मंत्री ने भी शहर के पास ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे से जोड़ने की पहल की है। शहर से तीन किमी दूर माल्देपुर से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे को जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार करने की हरी झंडी मिल गई है।
माल्देपुर से ग्रीनफील्ड को जोड़ने से शहर की जनता को राहत मिलेगी। साथ ही लोगों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे पहले शहर से आठ किमी पहले जनेश्वर मिश्र सेतु के पास या 12 किमी दूर सिंहाचवर के पास ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर चढ़ने व उतरने के लिए व्यवस्था की जा रही थी। लोगों को इतनी दूरी तय करने के बाद ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का लाभ मिलता। शहर के नजदीक माल्देपुर के पास जोड़ने की मांग को गंभीरता से लेते हुए एनएचआई की तरफ से डीपीआर की मंजूरी दे दी गई है। डीपीआर तैयार होने के बाद शासन को भेजा जाएगा। वहां से डीपीआर मंजूर होने के बाद ही आगे का कार्य होगा। बलिया में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई 82 किमी है। जिले में चितबड़ागांव के पास एक टोल होगा। इसकी लागत 5500 करोड़ रुपये है। इसमें 2700 करोड़ से सड़क निर्माण एवं 2800 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च किया गया है। इसके निर्माण से वाराणसी व लखनऊ की राह आसान होगी।
एक नजर में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे फोरलेन सड़क है। यह बलिया में बिहार सीमा के हृदयपुर गांव नंबर से शुरू होता है और गाजीपुर के जंगीपुर तक जाएगा। इस एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 115 किमी है। इसमें 17 किलोमीटर का एक स्पर बक्सर के लिए बनाया जा रहा है। इसको जोड़ते हुए ग्रीनफील्ड की कुल लंबाई 132 किलोमीटर होगी।
-
जिले में ग्रीनफील्ड चढ़ने-उतरने की इन स्थलों पर व्यवस्था
तहसील बलिया-
एकौनी नियर फेफना एनएच-31 गाजीपुर रोड
जनाड़ी बेयासी बलिया गंगा रोड
ओझा कछुआ एनएच-31 बैरिया रोड
भरखौता हल्दीरोड
तहसील बैरिया
टेंगरही एनएच-31 बैरिया रोड
भोजापुर लालगंज-बैरिया रोड
इब्राहिमाबाद उपवार एनएच-31 हाजीपुर रोड
मांझी मांझी डुमरी ताजपुर रोड
भरौली गोलंबर पर तैयार हो रहा ग्रैंड जक्शन
मांझी-गाजीपुर ग्रीनफील्ड के न्यू उर्फ ऊचाडीह से भरौली बक्सर की सीमा तक बन रहे 17.270 किमी ग्रीनफील्ड पर भरौली के पास ग्रैंड जक्शन बनेगा। इस पर बलिया-गाजीपुर एनएच-31 पर चलने वाले वाहनों के साथ ही बक्सर से आने वाहन भी प्रवेश कर जाएंगे।
ग्रीनफील्ड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शहर के माल्देपुर के पास ग्रीनफील्ड पर चढ़ने व उतरने के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार हो रही है। उसके बाद शासन को भेजी जाएगी। स्वीकृत होने के बाद ही आगे का कार्य होगा। - पीयूष अग्रवाल, परियोजना निदेशक, एनएचआई।