नगर के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही गौरी भईया राज्य आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता में ब?
- फोटो : BALLIA
खेल निदेशालय उप्र के तत्वावधान में आयोजित गौरी भईया राज्य आमंत्रण पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन लीग राउंड के चार मुकाबले खेले गए। इसमें मेजबान बलिया की टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर दिया। शुक्रवार को बलिया का सामना प्रयागराज से होगा।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दूबे, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने अलग- अलग मैचों में बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ कराया। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को खेले गए पहले मुकाबले के पहले हाफ के 16वें मिनट में फारूक और 29वें मिनट में सलमान के गोल की बदौलत स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने मऊ को 2-0 से पराजित किया। दूसरे मैच में 52वें मिनट में राशिद के गोल से स्पोर्ट्स हॉस्टल बरेली ने गोरखपुर को 1-0 से पराजित किया। वहीं तीसरे मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने मिर्जापुर को 3-0 से पराजित किया। मैच के 25वें मिनट में महेंद्र और 32वें व 59वें मिनट में तौसीफ ने वाराणसी के लिए गोल किया। चौथे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ की तरफ से 39वें व 50वें मिनट में फारूक ने गोल कर स्पोर्ट्स हॉस्टल अयोध्या को 2-0 से पराजित किया। बलिया की टीम पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। निर्णायक की भूमिका उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा नामित राशिद, प्रदीप मिश्रा, निताई सरदार, उपेंद्र शुक्ला, मनोज तिवारी, मेहरुद्दीन खान, इफ्तिखार खान, मोहम्मद रजाउल्लाह, जयराम यादव व अमल कुंवर ने निभाई। धन्यवाद ज्ञापन प्रतियोगिता के संयोजक पूर्व खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने किया।
आज खेलें जाएंगे क्वार्टर फाइनल मैच
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले जाएंगे। इसमें पहले क्वार्टरफाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ का सामना मिर्जापुर से होगा। दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल बरेली का सामना स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई से होगा। तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी व स्पोर्ट्स हॉस्टल अयोध्या, वहीं चौथा क्वार्टर फाइनल मैच मेजबान बलिया व प्रयागराज के मध्य खेला जाएगा।