बलिया। विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं में भी बृहस्पतिवार को गजब का उत्साह दिखा। दिव्यांग बुजुर्ग मतदाता बैसाखी के सहारे मतदान केंद्रों पर पहुंचे कई बुजुर्गों ने परिजनों के कंधों के सहारे बूथों पर पहुंचकर मतदान किया।
बलिया नगर विधान सभा के सीताकुंड गांव निवासी 100 वर्षीय रामउद्धार ओझा अपने परिजनों के कंधे पर सवार होकर गांव के प्राथमिक स्कूल में बने बूथ पर पहुंचे और मतदान किया। परिजनों ने बताया कि घर पर पोस्टल बैलेट नहीं आने के कारण बूथ पर आना पड़ा। बहेरी निवासी वृद्धा जैबुन खातून मतदान केंद्र पर सुबह 10.30 बजे पहुंची और कतार में खड़ी होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा में थी। मतदान करने बाद बताया कि घर पर पोस्टल बैलेट नहीं आया। इस वजह से बूथ तक आना पड़ा। इसी तरह सुखपुरा निवासी 80 वर्षीय पार्वती देवी मतदान करने अपने बूथ पर पहुंची थी। उन्होंने परिजनों के सहारे बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। लोकतंत्र रक्षक सेनानी शंभू नाथ मिश्र अपने गांव के मतदान केंद्र पर पहुंचे। उनके साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे। उन्हें बूथ तक ले जाकर मतदान कराया। इसी तरह ह्वील चेयर के सहारे सुखपुरा इंटर कालेज में बनें बूथ पर पहुंचे और मतदान किया। जबकि जीराबस्ती गांव निवासी दिव्यांग राजकुमार वैशाखी के सहार गांव में बनें मतदान केंद्र पर पहुंचे और मतदान किया। वहीं, सुखपुरा गांव निवासी बीमार संजय कुमार ने मतदान के अंतिम पहर में मतदान किया।