जयप्रकाश नगर। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 117 वीं जयंती शुक्रवार को जिले भर में परंपरागत रूप से मनाई गई। सुबह स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली। लोगों ने लोकनायक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जयप्रकाश नारायण के गांव जयप्रकाश नगर में आयोजित जयंती समारोह में जेपी ट्रस्ट के सचिव व उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू ने कहा कि लोकनायक शोषित और पीड़ित समाज के सच्चे मसीहा थे। उनके अंदर लोकतंत्र की आत्मा बसती थी। जब देश में लोकतंत्र तानाशाही की कैद में छटपटाने लगा तब जयप्रकाश नारायण ने लोकनायक का रुप धारण कर लोकतंत्र कि मशाल प्रज्ज्वलित की और देश को दूसरी आजादी दिलाई। वे आजादी के आंदोलन के ऐसे योद्धा थे जिनका लोहा अंग्रेज भी मानते थे।
इससे पहले सुबह आठ बजे गांव में निकली प्रभातफेरी में जब तक सूरज चांद रहेगा, जेपी तेरा नाम रहेगा आदि नारे लगाए गए। आचार्य नरेंद्र देव बाल विद्या मंदिर के बच्चों और शिक्षक शिक्षिकाओं ने प्रभात फेरी निकाल कर जेपी को याद किया। प्रभातफेरी 11 बजे जेपी स्मारक पर पहुंची। वहां 11:30 बजे जेपी स्मारक पर माल्यार्पण का कार्यक्रम शुरू हुआ। जेपी के प्रपौत्र डॉ. कौशिक सिन्हा और उनके परिजन व रिश्तेदार विवेक प्रसाद, सारिका, पूजा, विवेक, आदित्य, कौशिक, श्रेया, ईशान, श्रीनिवास प्रसाद आदि ने माल्यार्पण कर जेपी को नमन किया। इसके बाद राज सभा सांसद नीरज शेखर, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह, नागेन्द्र पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे, मुक्तेस्वर सिंह, अमिताभ उपाध्याय, अरविंद सिंह सेंगर, विनोद सिंह, शैलेश सिंह, लव कुश सिंह, निर्भय सिंह गहलौत, विनोद सिंह (पूर्व प्रधान), धनंजय सिंह, पिंटू यादव, प्रेम सिंह, दुर्गविजय सिंह झलन, संदीप सिंह राजा, दशरथ यादव, रमेश सिंह, ध्रुप सिंह, राघव सिंह आदि ने माल्यार्पण किया।
जेपी ट्रस्ट के परिसर में संचालित विद्यालय आचार्य नरेंद्र देव बाल विद्या मंदिर में राज्य सभा सांसद नीरज शेखर व एमएलसी सह सचिव रविशंकर सिंह पप्पू ने विद्यालय के कक्षा तीन से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों को कंप्यूटर की शिक्षा देने के लिए कंप्यूटर कक्ष का उद्घाटन किया। परिसर में नेहरू युवा केंद्र की ओर से संचालित पन्द्रह दिवसीय प्रशिक्षण केंद्र का भी उद्घाटन जेपी जयंती पर राज्य सभा सांसद व एमएलसी ने किया। इसमे बस्ती , आजमगढ़ , मऊ ,गाजीपुर के कुल 124 प्रतिभागी सहभागिता कर रहे हैं ।
बीएसटी बांध की सड़क से हिचकोले खाते पहुंचे लोग : प्रत्येक वर्ष जेपी जयंती के पूर्व बीएसटी बांध वाली सड़क की मरम्मत कार्यक्रम से पूर्व हो जाती थी लेकिन इस वर्ष सड़क को ठीक नहीं किया गया। इस वजह से सभी लोग हिचकोले खाते जेपी के गांव पहुंचे। लोग यह चर्चा करते पाये गये कि चंद्रशेखर जी होते तो सड़क की ऐसी दशा नहीं होती। उत्तर प्रदेश और बिहार में दोनों तरफ जेपी का स्मारक होने के बाद भी यह सड़क लंबे समय से जर्जर हाल में है। जेपी जयंती पर प्रत्येक वर्ष मेला का माहौल रहता था लेकिन इस बार यूपी-बिहार दोनों स्थानो में कहीं श्रद्धांजलि सभा नहीं हुई। लोग माल्यार्पण कर लोट गए।
यूपी की ओर से नहीं है बिहार जैसी व्यवस्था : सिताब दियारा क्षेत्र में कई वर्षों से जेपी जयंती मनाई जाती है। उत्तर प्रदेश के जिम्मे जय प्रकाश नगर है तो बिहार वाले हिस्से में लाला टोला। दोनों स्थानों में अंतर ये कि छपरा के डीएम व एसपी संग दर्जन भर उच्चाधिकारी अपनी सीमा के स्मारक पर प्रति वर्ष जेपी को नमन करने पहुंचते हैं, जबकि बलिया के किसी अधिकारी के लिए जेपी खास नहीं हैं। बलिया के वरिष्ठ अधिकारी जयप्रकाश नगर में तब पांव रखते हैं, जब किसी वीआइपी का कार्यक्रम होता है। जेपी को नमन करने में बलिया के अधिकारियों की निष्ठा किसी वर्ष नहीं रही है।
बिहार के लाला टोला में डीएम व एसपी ने किया नमन : बिहार स्थित लाला टोला जेपी स्मारक पर जब से स्मारक बना तब से आज तक कार्यक्रम सरकारी स्तर पर घोषित है। इस क्रम शुक्रवार को बिहार वाले हिस्से में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सांसद बलिया विरेन्द्र सिंह मस्त, डीएम सारण सुब्रत सेन, एसपी सारण हरि किशोर, जेपी इनर्वसिटी के कुलपति हरिकेश सिंह आदि ने जेपी को नमन किया ।
लोकतंत्र सेनानियों ने जेपी को किया याद : बलिया। नगर के कोआपरेटिव हाल में लोक नायक जयप्रकार नारायण की 117वीं जयंती पर लोकतंत्र सेनानियों ने सम्मेलन कर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने कहा कि जेपी आंदोलन गुजरात से शुरू आया जो देशव्यापी हो गया। उसी आंदोलन के चलते इंदिरागांधी की सरकार चली गई। सम्मेलन में सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि जेपी ने संपूर्ण क्रांति का नारा देकर देश को लामबंद कर तानाशाही इंदिरा गांधी की सरकार को उखाड़ फेंका था। सम्मेलन में जेपी विचार मंच के अध्यक्ष विजेंद्र कुमार मिश्र, लोकतंत्र शुभ्रांशु शेखर पांडेय, देवेंद्र नाथ त्रिपाठी, हरेराम चौधरी, संतोष कुमार शुक्ल आदि लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर धनराज सिंह, रामायण सिंह, सुनील सिंह, प्रद्युम्न वर्मा, राजऋषि सिंह, हृदयानंद सिंह उपस्थित थे।
टाउन हाल में भी मनाई गई जेपी जयंती : बलिया। समग्र क्रांति के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती शुक्रवार को टाउन हाल बापू भवन में जयप्रकाश नारायण स्मारक समिति की ओर से मनाई गई। इसकी अध्यक्षता अधिवक्ता पांडेय गोविंदजी ने की। वक्ताओं ने जयप्रकाश नारायण के क्रांतिकारी जीवन पर सारगर्भित प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता राजधारी सिंह, देवेंद्र यादव, गोपाल सिंह, रामेश्वर पांडेय, डा दयाल शरण वर्मा, बृजेश गुप्त, अरूणीचंद्र सिन्हा, राकेश श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, डा संतोष गुप्त, रमेशचंद्र श्रीवास्तव आदि लोग उपस्थित रहे।