आजमगढ़ मंडल के डीआईजी प्रशांत कुमार ने गुरुवार को बांसडीहरोड और नरहीं थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों के रिकार्डों को बारीकी से जांच की और मातहतों को जरूरी निर्देश दिया। थानेदारों को सख्त लहजे में कहा कि किसी भी मामले की रिपोर्ट दर्ज करने में कोई कोताही न बरता जाए। इसकी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनपद की कानून-व्यवस्था परखने के लिए डीआईजी आजमगढ़ प्रशांत कुमार गुरुवार को बलिया पहुंचे। नगर से सटे जीराबस्ती स्थित वन बिहार के गेस्ट में कुछ देर आराम करने के बाद वह सीधे बांसडीहरोड थाने पहुंचे। थाने की बैरक सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। बैरक में गंदगी और कंप्यूटर चालू नहीं होने पर थानाध्यक्ष विनीत राय को फटकार लगाई।
इस दौरान उन्होंने चौकीदार मनोज पासवान को अच्छे कार्य के लिए 500 रुपये नगदी देकर पुरस्कृत किया। साथ ही उन्होंने थानाध्यक्ष से हर हाल में अपराध पर नकेल कसने को कहा। कहा कि अपराध के मामले में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। शिकायत मिलने के तत्काल बाद मुकदमा दर्ज कर फौरन कार्रवाई की जाए।
फरियादियों की शिकायत का हर हाल में निस्तारण होना चाहिए। डीआईजी ने थानाध्यक्ष को उनके क्षेत्र में शराब के अवैध धंधों सहित अपराध पर लगाम लगाने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीआईजी के साथ पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह, बांसडीह सीओ जटाशंकर, सीओ सदर राव मौजूद रहे।