कोतवाली थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया ग्राम सभा में मंगलवार की रात बिजली गिरने से एक छत फट गई। घर में रह रहे लोगों को करंट का झटका भी लगा। गनीमत रहा कि सभी लोग घर के अंदर ही थे। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। मिश्रवलिया ग्राम सभा निवासी भोला राजभर अपने परिवार के साथ मैरिटार चट्टी के समीप घर बनाकर रहते हैं। मंगलवार की रात तेज बारिश के साथ बिजली उनके छत पर गिर गई। इससे छत फट गई।वहीं घर में रह रहे परिवार को करंट का झटका लगा। लोगों ने घरों में लगे लकड़ी के फर्नीचर पर चढ़कर किसी तरह से जान बचाई। फूलमती देवी पत्नी भोला राजभर, मुकेश राजभर पुत्र भोला राजभर, मीरा और रूबी ने बताया कि जैसे ही तेज आवाज के साथ बिजली गिरी उस समय हम लोग जमीन पर खड़े थे। पूरे शरीर में झनझनाहट होने लगी। हम लोग घबरा गए। किसी तरह से घरों में लगे लकड़ी के फर्नीचर पर वह लोग खड़े हो गए। तब जाकर जान बची।