बलिया। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान गंगा यात्रा एवं नमामि गंगे परियोजना पर मुद्दा आधारित जागरूकता एवं शिक्षा कार्यक्रम पर चर्चा मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें आगामी 27 जनवरी को जनपद में होने वाली गंगा यात्रा पर विस्तार से चर्चा हुई ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी हरी प्रताप शाही ने कहा कि जीवन और जीविका गंगा से जुड़ी है। इसका बेहतर प्रबंधन करना हम सबका उत्तरदायित्व है। कहा कि गंगा की गोद में हमारे राष्ट्र की संस्कृति पड़ी है, गंगा को स्वच्छ रखने के लिए स्थानीय स्तर पर गंगा का संरक्षण नितांत आवश्यक है। गंगा की निर्मलता और अविरलता को बरकरार रखना एक चुनौती है। इसके लिए सर्व समाज से साथ-साथ नेहरू युवा केंद्र को विशेष तौर से आगे आना होगा।
नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों को दिशा -निर्देश देते हुए कहा कि गांव को खुले में शौच मुक्त बनाने हेतु लोगों को जागरूक करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे युवा समन्वयक शुभम जैन ने कहा कि गंगा की स्वच्छता निरंतरता का विषय है, जो अनवरत चलता रहना चाहिए। इस मौके पर शलभ उपाध्याय, अभिषेक राय, राजीव, अमित, धनंजय ,सोनू, अरविंद, सत्यम, हिमांशु, राहुल, गुप्तेश्वर, प्रियंका, नंदनी, शालू, ज्योति के अलावा 41 गांव के ग्राम गंगा समिति के सदस्य उपस्थित रहे संचालन नितेश पाठक ने किया।