सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लिलकर गांव के सैकड़ों महिला एवं पुरुष शनिवार की सुबह क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी देवेश गुप्ता का घेराव कर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्रीय विधायक के इशारे पर तथा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में लिलकर गांव में 20 वर्षों से रह रहे भुट्टी तुरहा के मकान में विगत छह जून को मनबढ़ घुसकर लाखों रुपये के सामान सहित हजारों रुपये नकदी लूट लिया था। साथ ही भैंस को भी खोल ले गए थे। विरोध करने पर पुलिस के सामने ही मनबढ़ों ने मारा पीटा। लेकिन पुलिस मूकबधिर बन देखती रही। उल्टे ही पुलिस बदमाशों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित भुट्टी तुरहा को पकड़ थाने में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर पीड़ित को तत्काल नहीं छोड़ा गया और मनबढ़ों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो धरना अनवरत जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए भाकपा माले के वरिष्ठ नेता श्रीराम चौधरी ने कहा कि जब से प्रदेश में सपा की सरकार बनी है। पूरे प्रदेश में गुंडाराज कायम हो गया है। पुलिस की मौजूदगी में गरीब लोगों के साथ लूटपाट एवं अत्याचार हो रहा है। जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेताया कि अगर प्रशासन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किया तो आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होंगे। माले नेता सुखचन्द बिंद ने कहा कि पुलिस शराब व्यवसाई के साथ मिली हुई है।
बड़े पैमाने पर लिलकर क्षेत्र में शराब का गोरख धंधा जोरों पर फल-फूल रहा है। अगर पुलिस दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की तो व्यापक स्तर पर धरना प्रदर्शन के साथ चक्का जाम किया जाएगा। इस मौके पर छितेश्वर बिंद, डाक्टर देवेंद्र, काशीनाथ, रुपचंद, दशरथ बिंद, सुशीला, फूल परी, ललिता, बिंदु, बासमती, फूलझड़िया, मंजू आदि मौजूद रही। उधर विधायक मोहम्मद रिजवी ने इस मामले की जानकारी से इनकार कर दिया। कहा कि लखनऊ में हूं। ऐसे मामले की जानकारी नहीं है।