Pawan Singh News: पवन सिंह को मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा को लेकर सलेमपुर सांसद ने निशाना साधा। कहा कि पत्नी छोड़ो और वाई श्रेणी सुरक्षा पाओ भाजपा की नई पॉलिसी बन गई है।
भोजपुरी स्टार पवन सिंह को मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा पर सलेमपुर से सपा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने बड़ा हमला बोला। उन्होंने बुधवार को बेल्थरारोड में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि बीजेपी परिवार तोड़ने वालों को नेता बनाती है। अब तो हालत ये है कि पत्नी छोड़ो और वाई श्रेणी सुरक्षा पाओ नई पॉलिसी बन गई है।
विज्ञापन
सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि पवन सिंह जैसे बड़े गायक बलिया की बेटी के साथ अन्याय कर रहे हैं और बीजेपी उन्हें उम्मीदवार बनाकर सुरक्षा दे रही है। उन्होंने कहा कि धर्म से ऊपर राष्ट्र है, लेकिन बीजेपी धर्म और परिवार दोनों तोड़ने वालों को ही आगे बढ़ाती है। विपक्ष के इस वार से सियासत में हलचल तेज हो गई है।
उन्होंने आई लव मोहम्मद पर यूपी में हो रहे बवाल पर कहा कि बीजेपी अब हिंदू तुष्टीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि जय श्रीराम और जय सीताराम कहने का जैसे ट्रेंड है, वैसे ही आई लव मोहम्मद अंग्रेजी में कहने का ट्रेंड चला। इसमें गलत क्या है? लेकिन सरकार भाईचारा को लेकर आग लगा रही है, उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति पर जूता फेंकने की घटना की भी निंदा की और कहा कि यह भारतीय संविधान पर हमला था।
उन्होंने दावा किया कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बननी तय है। दावा किया कि यूपी में अब पीडीए भी जागरूक हो गया है और अपने अधिकार के लिए 2027 में सपा की सरकार बनाने के लिए तैयार है, इसे भाजपा सरकार समझ चुकी है कि 2027 में उनकी विदाई होगी, जिससे भाजपा बौखला गई है। इस मौके पर सपा नेता अंगद यादव, रामाश्रय यादव फाइटर, अमरजीत चौधरी समेत अनेक सपा नेता मौजूद रहे।