बैरिया। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्र, महामंत्री राजकुमार तिवारी समेत चार अधिवक्ताओं और कुछ अज्ञात के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया।
तहसील में अंशकालिक कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ हुए विवाद के बाद तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्र, महामंत्री राजकुमार तिवारी समेत चार अधिवक्ताओं और कुछ अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर नाराजगी जताई।
तहसील भवन में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने बैरिया तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर का चक्रमण किया।
अधिवक्ताओं ने एसडीएम संजय कुशवाहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, अधिवक्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने तथा दागी संविदाकर्मियों की सेवा तत्काल समाप्त करने की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी पर भी अधिवक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद की सभी तहसीलों और कलेक्ट्रेट में तालाबंदी की जाएगी । निर्णय लिया गया कि शुक्रवार को बलिया कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की बैठक में जिले की सभी तहसीलों के बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल होकर आगे की रणनीति तय करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्र ने तथा संचालन महामंत्री राजकुमार तिवारी ने किया। इस दौरान देवेंद्र मिश्र, योगेंद्र पांडेय, रामप्रकाश सिंह, संजय सिंह, रुद्रदेव कुंवर, चंद्रशेखर यादव, जाकिर हुसैन, ओमकार पांडेय, अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।