मारपीट के मामले में पुलिस लाइन में सीओ सदर से वार्ता करते अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
किसी मुकदमे के विवाद को लेकर सोमवार की दोपहर साढ़े 12 बजे कचहरी रोड पर अधिवक्ता और सिपाही में मारपीट हो गई। सिपाही पर कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ता ने अपने साथियों के साथ नारेबाजी करते हुए आरआई कार्यालय का घेराव कर लिया। बाद में एसपी और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कोतवाली में दोनों पक्षों में सुलह समझौता करा कर मामला रफा-दफा करा दिया। किसी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी थी।
कचहरी रोड पर स्थित सपा कार्यालय के बगल में चाय की दुकान पर सोमवार की दोपहर अचानक एक अधिवक्ता और सिपाही में मारपीट होने लगी। इससे वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। बाद में सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ता कुछ लोगों के साथ आरआई कार्यालय पहुंच गए। एसपी अनिल कुमार व एएसपी विजय पाल सिंह ने मामले की जानकारी लेने के बाद अधिवक्ता को कोतवाली भेज दिया। वहां वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मौजूदगी में मामले में सुलह समझौता करा दिया गया।
बताया जाता है कि सिपाही किसी मामले को लेकर कोर्ट आया था, जहां उसकी मुलाकात अधिवक्ता से हो गई। अधिवक्ता ने किसी मुकदमे के सिलसिले में बात की तो तब सिपाही ने उसे कोर्ट के बाहर चाय की दुकान पर वार्ता के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान ही उनमें विवाद हो गया। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि अधिवक्ता व सिपाही में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। यह जांच का विषय है। फिलहाल दोनों पक्षों में वार्ता होने के बाद सुलह समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष ने तहरीर आदि नहीं दी है।