दो थाना क्षेत्रों में जमीन विवाद को लेकर पट्टीदारों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट और हाथापाई के दौरान एक वृद्धा की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में दो पक्षों में जमीन संबंधी विवाद को लेकर जमकर लाठी-डंडा चले। जिसमें दोनों पक्ष से आठ लोग ंगंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में रघुनाथ के परिवार के लोग मकान का निर्माण कार्य कर रहे थे। इस दौरान उनके पट्टीदार प्रभुनाथ व जयराम निर्माण कार्य को रोकने लगे। जिसके बाद दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई, कहासुनी के बाद दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। जिसमें एक पक्ष से रघुनाथ (60) , अखिलेश कुमार (26), अरविंद (35), अमलेश (22), सुमन (25), अरविंद लालती देवी (55), रघुनाथ जबकि दूसरे पक्ष से जयराम (60), प्रभुनाथ (55) घायल हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग जुट गए और बीच बचाव कर घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उधर, दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जयप्रकाशनगर प्रतिनिधि के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र के लक्ष्मण छपरा गाव में रविवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पट्टीदार आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई हाथापाई में एक वृद्धा की मौत हो गई। लक्ष्मण छपरा गांव में ब्रह्मा सिंह और कमलेश सिंह के बीच काफी दिनों से जमीनी विवाद चला आ रहा है। रविवार की सुबह दोनों पट्टीदार आपस में भिड़ गए। पहले तू-तू, मैं-मैं के बाद लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चोट लगने से ब्रह्मा सिंह की पत्नी इंद्रा देवी (60) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। जबकि इस मामले में दूसरे पक्ष के कमलेश सिंह की मानें तो हल्का विवाद जरूर हुआ था, लेकिन कोई ईंट-पत्थर नहीं चला है। इंद्रा देवी की मौत मारपीट से नहीं बल्कि वे पहले से ही हार्ट की मरीज थी।