फेफना थाना के निधरिया गांव के समीप सोमवार सुबह एक अधेड़ बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त विनोद पासी निवासी बाढ़ पटना बिहार के रूप में हुई है। वह राजेंद्र नगर में किराये के कमरे में रहता था।
प्रभारी थानाध्यक्ष राधव राम ने बताया कि वह ताड़ के पेड़ से ताड़ी निकालने का काम करता था। अंधेरे में पेड़ से ताड़ी उतारने के दौरन गिरने से मौत हो गई। शौच करने जा रहे ग्रामीण की नजर पड़ी तो अगरसंडा स्थित पुलिस बूथ के जवानों को सूचना दी।
बैरिया-रेवती मार्ग स्थित चिराइया मोड़ से सटे पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त बैरिया निवासी नितीश वर्मा पुत्र कृष्णा वर्मा के तौर पर हुई। रविवार देर रात घटी घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।