शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर के पास दो बाइक और स्कार्पियो की आमने-सामने से हुई टक्कर में बाइक सवार कोटेदार समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को को कब्जे में ले लिया।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लिलकर गांव निवासी और कोटेदार ईश्वर प्रसाद राय (55) और इसी गांव के अजय राय (40) मंगलवार की देर रात जिला मुख्यालय से मांगलिक कार्यक्रम से भाग लेकर बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इनके साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के श्रीराम बिहार कालोनी निवासी राजेश कुमार (45) भी अपनी बाइक से थे। जैसे ही तीनों बहादुरपुर के पास पहुंचे कि सामने से तेजगति से आ रही स्कार्पियो ने इन्हें टक्कर मारते हुए सड़क पार कर रहे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के बड़की सेरिया निवासी अभय कुमार (28) को भी टक्कर मार दिया।
जिससे अभय कुमार व ईश्वर प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजेश और अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां अजय राय की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। इसके साथ ही स्कार्पियो और चालक को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। मृतक अभय की बहादुरपुर चट्टी पर मिठाई की दूकान है।