सुदिष्ट बाबा के समाधि स्थल परिसर में चल रहे धनुष यज्ञ मेला में रंग-बिरंगी चुडियों की खरीदारी
बैरिया। धनुषयज्ञ मेले में हरियाणा व कानपुर के गर्म कपड़ों व चाइनीज व्यंजनों का बिक्री तेज हो गई है। पानीपत (हरियाणा) व कानपुर के स्टाइलिश स्वेटर, जैकेट, हूडी, लोअर युवाओं को लुभा रहा है। कश्मीर की पश्मीना शाॅल भा रही है। कार्डिगन ऊनी स्वेटर व प्रीमियम और शानदार गर्म कपड़े भी खूब बिक रहे हैं। कोट और एक्सेसरीज कपड़े भी लोग पसंद कर रहे हैं। पक्षियों के पंखों से बने डाउन जैकेट युवा वर्ग को पसंद आ रहे हैं।
आगरा से कंबल व रजाई लेकर दुकानदार आए हैं। इनकी दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लग रही है। पेंडलटन कंबल लोग खूब खरीद रहे हैं। दुकानदारों ने बताया पेंडलटन कंबल किफायती व टिकाऊ है।
मेले में चाइनीज व्यंजन की धूम है। चाउमीन, फ्राइड राइस, स्प्रिंग रोल, मंचूरियन, चिली पोटैटो और चाइनीज भेल जैसे कई लोकप्रिय इंडो-चाइनीज फूड स्टॉल लगे हुए हैं। खासकर युवा और बच्चों के बीच इनकी मांग है। सुदिष्ट बाबा के धनुष यज्ञ मेले का उप जिलाधिकारी बैरिया आलोक प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। सफाई सहित कई मुद्दों पर आयोजकों को दिशा निर्देश दिया। व्यवस्था पर संतोष जताया।
धनुष यज्ञ मेले का आयोजन इस साल 25 नवंबर से हुआ है। ददरी मेले का समय एक सप्ताह बढ़ा देने के कारण यह मेला प्रभावित हुआ। मौसम की मार का भी मेले पर असर पड़ा था। इसका समापन 26 दिसंबर को होगा। हालांकि मेले का आयोजन करने वाली ग्राम पंचायत कोटवा के प्रधान वंदना गुप्ता का कहना है कि मेले में झूला, चरखी संचालित करने वाले लोग चाह रहे हैं कि मेले का विस्तार एक सप्ताह के लिए और हो जाए। इसके लिए उप जिलाधिकारी को इन लोगों ने आवेदन पत्र दिया है, लेकिन मेला नहीं बढ़ाया जाएगा। अगर उपजिलाधिकारी झूला-चरखी वालों को अनुमति देते हैं, तो उनके आदेशों का अनुपालन किया जाएगा। फिलहाल विपरीत मौसम के बावजूद मेले में भीड़ काफी हो रही है। इससे मेले में आए व्यवसायी काफी प्रसन्न हैं।