यही नहीं, सुजीत को बचाने गए चर्चित अपराधी रमेश सिंह काका की भी बंदियों ने जमकर पिटाई की। इसकी जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कैदियों को शांत कराया गया। जेल में बंदियों के बीच मारपीट की सूचना डीआईजी जेल को भी दी गई है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पहले मऊ जिला कारागार में सुजीत सिंह और रमेश सिंह काका एक साथ काफी दिनों तक रह चुके हैं। वे एक-दूसरे के करीब बताए जाते हैं। मऊ जेल में बवाल के बाद रमेश सिंह काका को बलिया जिला कारागार तथा सुजीत सिंह को मऊ से देवरिया भेज दिया गया था। देवरिया में बंदियों से मारपीट करने पर उसे रामपुर जिला कारागार भेज दिया गया। वहां से उसे बुधवार को बलिया लाया गया था। गुरुवार को उसकी जिला कारागार में पेशी होनी थी। इससे पूर्व बुधवार की रात किसी बात को लेकर जिला कारागार के बंदियों में मारपीट हो गई। स्थिति बिगड़ती देख रमेश सिंह काका बीच-बचाव करने पहुंच गया पर उसे भी बंदियों ने पीट दिया।
इस प्रकरण पर जेल प्रशासन कुछ भी बताने से इंकार कर रहा है, जबकि गोरखपुर के डीआईजी जेल आरपी सिंह ने बताया कि बंदी सुजीत सिंह को पेशी के लिए एक दिन पहले लाकर बलिया जिला कारागार में रखा गया था। वहां किसी बात को लेकर बुधवार की रात कैदियों में मारपीट हो गई। इसकी जानकारी होते ही मामले को शांत करा दिया गया। इस प्रकरण की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।