69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कबड्डी टीम के प्रशिक्षक अनूप राय को सम्मानित करते ग्रामीण।संवाद
नरही। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता में जनपद को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। पानीपत (हरियाणा) में 12 से 16 जनवरी तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली उत्तर प्रदेश अंडर-19 बालक कबड्डी टीम के प्रशिक्षक की भूमिका जनपद के अनूप राय को दी गई है। अनूप बेसिक शिक्षा परिषद के कंपोजिट विद्यालय भरौली पर कार्यरत हैं। गत वर्ष भी अनूप अंडर-19 बालक टीम के प्रशिक्षक की भूमिका निभा चुके हैं।
अनूप को प्रशिक्षक बनाए जाने पर जनपद के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय नरही नं एक पर आयोजित कार्यक्रम में अनूप राय को सम्मानित किया गया। प्रबंधक रविकांत उपाध्याय, ग्राम प्रधान नरही रामनारायण पासवान, सचिव चंदन गुप्ता, विनय राय व संतोष गुप्ता आदि ने अनूप राय को अंगवस्त्र भेंट कर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी लालजी, जिला व्यायाम शिक्षक विनोद कुमार सिंह, पवन कुमार राय, परशुराम राय, अम्बरीष तिवारी, संजय पांडे, अवनीश राय आदि ने अनूप को बधाई दी।