फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: जेएनसीयू का अष्टम दीक्षांत समारोह आज, 44 मेधावियों को स्वर्ण पदक

विज्ञापन
जेएनसीयू आयोजित दीक्षांत समारोह को लेकर पूजन-अर्चन करते कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल। विवि
विज्ञापन
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) का अष्टम दीक्षांत समारोह बुधवार 29 जुलाई को आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस वर्ष कुल 44 स्वर्ण पदक विजेताओं में 35 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीक्षांत मंडप का विधि-विधान से भूमि-पूजन किया गया तथा पूरे कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास भी संपन्न हुआ। वहीं राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विज्ञापन

दीक्षांत समारोह में स्नातक के 13,261 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 8,093 छात्राएं और 5,167 छात्र शामिल हैं। वहीं परास्नातक के 5,936 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी, जिनमें 3,768 छात्राएं और 2,166 छात्र हैं। इस प्रकार कुल 19,197 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा 30 पीएचडी शोधार्थियों को भी उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष कुल 44 स्वर्ण पदक विजेताओं में 35 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। एमएससी रसायन विज्ञान की छात्रा नन्दिनी वर्मा को विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पहली बार डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय के प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा विनीता सिंह को प्रदान किया जाएगा।
विज्ञापन

दीक्षांत समारोह के आयोजन स्थल पर कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल एवं उनकी पत्नी डॉ. वंदना शुक्ल ने शास्त्रीय विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दीक्षांत मंडप का भूमि-पूजन किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री (डॉ.) अशोक कुमार सिंह, पूर्व निदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली, विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश देंगे। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय तथा उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

पूर्वाभ्यास के दौरान कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल, कुलसचिव एस.एल. पाल, वित्त अधिकारी आनंद दुबे, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, कार्य परिषद एवं विद्या परिषद के सदस्य, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समारोह स्थल, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, हेलीपैड और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने उन्हें तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य कोषाधिकारी आनंद दुबे, कुलसचिव एस.एल. पाल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रियंका सिंह, निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा उपस्थित रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें