रानीगंज बाजार में रविवार को प्रशासन की ओर से हटवाया जा रहा अतिक्रमण।
उप जिलाधिकरी बैरिया के नेतृत्व में रविवार को रानीगंज बाजार में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण के दायरे में आने वाली छोटी-बड़ी करीब पांच सौ दूकानों पर प्रशासन का जेसीबी चली। जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था, ऐसी दूकानों को प्रशासन ने जेसीबी लगवाकर तोड़वाया। बाजार के चौक पर अतिक्रमण के दायरे में आने वाले छह दूकानदारों को एक सप्ताह की मोहलत दी गई। अभियान के दौरान भारी संख्या में फोर्स तैनात थी।
रानीगंज पुल से लेकर बैरिया ब्लॉक मोड़ तक सड़क किनारे पटरियों पर अतिक्रमण किए लोगों के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को कार्रवाई शुरू की। एसडीएम बैरिया अरविंद कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आरके वाजपेयी के अलावा तहसील के अन्य अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुबह दस बजे शुरू हुई। इस दौरान दो जेसीबी की मदद से रानीगंज पुल से लेकर बैरिया ब्लाक मोड़ तक दोनों पटरियों पर अतिक्रमण हटवाया गया। इसमें सीढ़ी और चबूतरे, टिनशेड़ के साथ कुछ पक्के छज्जों को भी गिराया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू किया, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाबुझाकर उन्हें शांत करा दिया। इस दौरान रानीगंज बाजार चौक में छह दो-मंजिल एवं तीन मंजिल दूकानें भी अतिक्रमण के दायरे में आ रही थीं, जिन्हें एसडीएम ने एक सप्ताह की मोहलत दी है।
उन्होंने कहा कि यदि इस दौरान अतिक्रमण नहीं हटा तो प्रशासन जेसीबी की मदद से पूरा भवन गिरवाएगा और उसका हर्जाना भी संबंधित व्यक्ति से लिया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि रानीगंज पुल से बैरिया ब्लॉक मोड़ तक सड़क की पटरियों पर करीब पांच सौ से अधिक ऐसी दूकानें चिह्ति किए गए थे, जो अतिक्रमण के दायरे में थे। इसके तहत रविवार को प्रशासनिक कार्रवाई में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी बैरिया त्रैयंबक दूबे, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान, नायब तहसीलदार शशिकांत मणि, थानाध्यक्ष बैरिया संजय सिंह, रेवती एसओ कैलाशनाथ यादव, दोकटी एसओ परमेश कुमार के अलावा अन्य थानों के एसओ के साथ ही महिला पुलिस भी मौजूद रहीं।