बारिश से जयप्रभा सेतु का एप्रोच धंसा
जयप्रकाश नगर। क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 बैरिया मांझी मार्ग पर स्थित यूपी से बिहार को जोड़ने के लिए बना जयप्रभा सेतु का एप्रोच का कुछ भाग रविवार को आई आंधी व पानी से धंस गया है। जिससे इस मार्ग पर आने वाले राहगीरों व वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करते हुए हमेशा जान जोखिम में डालकर इस पर आवागमन करना पड़ रहा है। यदि इस एप्रोच का तत्काल मरम्मत नहीं गया तो इस गढ्ढे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है । एसडीएम बैरिया अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि एप्रोच धंसने की सूचना प्राप्त हुई है। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है। बहुत जल्द ही उसे दुरुस्त करा लिया जाएगा।
..............................................................................................................................
ननिहाल आए किशोर की डूबने से मौत
बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के दरांव में तीन दिन पहले अपने ननिहाल आए एक 16 वर्षीय किशोर की पोखरे में नहाते वक्त डूबने से मौत हो गई। मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। लोगों ने पानी में डूबे किशोर को निकाला। घटना की सूचना उसके माता पिता को दी गई।
मनियर थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव का रहने वाला अनिल यादव(16) पुत्र वीरेंद्र यादव अपने ननिहाल बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के दारांव निवासी शिवबहादुर यादव के यहां तीन दिन पहले आया था। इसीबीच वह रविवार की सुबह लगभग 11 बजे गांव के पास ही पोखरे में नहाने के लिए गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरु कर दी। अनिल की तलाश में जब परिजन पोखरा के पास गए तो एक किशोर का शव उतराया हुआ मिला। रोते बिलखते परिजन दरांव पहुंचे और शव को लेकर अपने गांव चले गए।