बलिया। रेलवे स्टेशन परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुला है। यात्रियों और स्टेशनों पर ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों की तबीयत बिगड़ने पर दवा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जन औषधि केंद्र शुरू होने से यात्रियों समेत स्थानीय लोगों को भी सस्ती दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। जन औषधि केंद्र में विभिन्न रोगों की 450 प्रकार की दवा और सर्जिकल सामग्री उपलब्ध हैं।
रेल यात्रा के दौरान यात्रियों की तबीयत खराब होने पर दिक्कत होती थी। ज्यादा परेशानी होेने पर रेलवे हेल्पलाइन पर फोन करने पर अगले स्टेशन पर दवा मिलती थी। यात्रा पर निकले के दौरान दवा घर छूटने या परेशानी बढ़ने पर आसपास दवा की दुकान न होने से यात्रा के दौरान परेशानी बढ़ जाती थी। इसको देखते हुए रेलवे ने सभी स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र खोलने के लिए स्थान दिया था। यात्री विश्रामालय, बैंक के एटीएम के पास जन औषधि केंद्र खुला है। स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिलेंगी। बाजार से 80 से 90 फीसदी कम दर पर दवाएं मौजूद हैं। प्लेटफाॅर्म के दोनों गेट के पास दुकान होने से काफी सहूलियत होगी। संवाद