दी सिविल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव सोमवार को बार सभागार में आयोजित
हुआ। इसमें सिविल बार के सदस्यों ने बारी-बारी से मताधिकार का प्रयोग किया।
मतों की गणना के बाद बार अध्यक्ष पद पर जयप्रकाश उपाध्याय और महासचिव पद
पर विनय कुमार सिंह को निर्वाचित घोषित किया गया।
परिणामों की घोषणा
करते हुए चुनाव अधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर जय प्रकाश
उपाध्याय को 170, राजनारायण यादव को 48, चतुर्भुज सहाय को 54, मुक्तिनाथ
उपाध्याय को दस, सिद्धनाथ राय को 37 तथा नोटा पर पांच लोगों ने मत दिया।
इसी प्रकार महासचिव पद के लिए विनय कुमार सिंह को 175, अनिल कुमार मिश्र को
135 और नोटा पर 16 लोगों ने मतदान किया। इस प्रकार वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद
पर नरेंद्र पांडेय को 130 तथा राकेश रंजन सिंह को 168 तथा नोटा पर 26 मत
पड़े।
निर्विरोध प्रत्याशियों में पुस्तकालय मंत्री विमल राय, कोषाध्यक्ष
पद पर विनोद चंद्र राय, संयुक्त महासचिव के पद पर महेश कुमार प्रसाद, दस
वर्ष से अधिक वकालत करने वाले उपाध्यक्ष पद पर फहीन अख्तर और रामजी ठाकुर
चुने गए। जबकि दस वर्ष से नीचे वाले श्रेणी में अवनीश यादव को चुना गया।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में ओमप्रकाश नारायण चौबे, राजेंद्र प्रताप सिंह,
सफदर अली, आलोक कुमार चौरसिया को चुना गया। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही
जीते प्रत्याशियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
परिसर में फूल मालाओं से नव
निर्वाचित पदाधिकारियों को लाद दिया गया। नव निर्वाचित अध्यक्ष जय प्रकाश
उपाध्याय तथा महामंत्री विनय कुमार सिंह ने कहा कि बार संगठन के सबसे
महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी हम लोगों को मिली है। इसके लिए बार के सदस्य
सादर बधाई के पात्र है। हम लोग अधिवक्ता हित के लिए किसी भी लड़ाई में पीछे
नहीं हटेंगे।