बैरिया। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण का परिणाम जारी किया है, साथ ही प्रथम चरण के उच्चीकरण परिणाम भी घोषित हुए हैं। चयनित अभ्यर्थी 17 सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे। राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य पन्ना लाल गुप्ता ने बताया, अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर पंजीकरण नंबर व जन्मतिथि दर्ज कर परिणाम देखें। बुलावा पत्र वेबसाइट से डाउनलोड करें। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस से भी चयन की सूचना मिलेगी। प्रवेश हेतु बुलावा पत्र, मूल प्रमाण-पत्र, प्रमाणित अंकपत्रों की प्रतियां, दो फोटो संस्थान में ले जाने होंगे। प्रमाण-पत्र सत्यापन के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। उच्चीकरण में चयनितों को प्रवेश के समय स्थिर या स्थानांतरण विकल्प चुनना होगा। प्रधानाचार्य ने निर्धारित समय सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।