बलिया। साधन सहकारी समितियों पर सदस्यता में किसान रुचि दिखाने लगे हैं। क्योंकि समिति से खाद-बीज के लिए किसानों को सदस्यता लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
जिले में 28 हजार किसानों को सदस्यता ग्रहण कराने का लक्ष्य शासन ने दिया है लेकिन अभी तक मात्र 12 हजार किसानों ने सदस्यता ग्रहण की है। सरकार का निर्देश है कि जिन किसानों ने समिति की सदस्यता ली है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उर्वरक दिया जाएगा। समिति की सदस्यता ग्रहण करने के लिए किसानों को 226 रुपये जमा करना है। इसके बाद सहकारिता विभाग की तरफ से उनका पासबुक बनेगा। पासबुक से खाद के अलावा उन्हें प्राथमिकता के आधार कृषि योजना से संबंधित सुविधाएं मिलेंगी।
जिले में 160 साधन सहकारी समितियां हैं। इनमें से 135 पर रबी के सीजन में उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। समितियों से लगभग 50 हजार किसानों को सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
सहकारिता विभाग के एआर एलबी मल्ल ने बताया कि सरकार की ओर से सदस्यता अनिवार्य करने के बाद सदस्यता नहीं लेने वाले किसानों को समिति से उर्वरक मिलना बंद हो जाएगा। इसका पंजीकरण शासन के निर्देश पर किया जा रहा है। किसान समितियों पर सचिव से संपर्क कर सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। संवाद