चितबड़ागांव। कस्बे के वार्ड नंबर 14 शास्त्री नगर में कुछ महीने पहले ही लाखों रुपये खर्च करके नगर पंचायत की ओर से लगाया गया पेबर्स ब्लाक जगह-जगह धंसने के साथ ही उखड़ने भी लगा है। इससे मार्ग निर्माण लंबे पैमाने पर खेल होने की आशंका प्रबल हो गई है। इसके बाद भी नगर पंचायत की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
शास्त्री नगर में पूर्व चेयरमैन दारा सिंह के मकान से नदी के छोर तक पुरानी सीमेंट की ईंट को उखाड़ कर लगभग चार महीने पहले रंगीन पेबर्स ब्लाक लगाए गए थे। गत जन्माष्टमी के दिन हुई हल्की बारिश में जगह-जगह धंस गई और उखड़ भी गई है। इसमें बड़े पैमाने पर की गई धांधली का पोल खुल रही है। लाखों रुपये की लागत से निर्मित सड़क के धंस जाने से आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त प्रकरण के संबंध में सभासद, नगरपंचायत के अधिशासी अधिकारी इस समस्या में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। उक्त प्रकरण के संबंध में अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है। इसे शीघ्र ही निरीक्षण करके जेई से बात करके यथाशीघ्र इसे दुरुस्त किया जाएगा।