फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षा शुरू होने से पहले बिकने लगे इंटर भौतिक विज्ञान के हल प्रश्नपत्र

विज्ञापन
इंटर भौतिकी की हल कापी - फोटो : BALLIA
विज्ञापन
नगरा। यूपी बोर्ड की परीक्षा नकलविहीन कराने को लेकर बरती जा रही सख्ती के बाद भी बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में इंटर की भौतिक विज्ञान की परीक्षा शुरू होने से घंटों पहले भौतिक विज्ञान का हल प्रश्नपत्र नगरा और आसपास के बाजारों में बिकने लगे। प्रश्नपत्र व हल कापियों के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। नकल माफिया ने खुलेआम महंगे दामों पर हल कापियों को बेचा और यह भी बताया कि इससे संबंधित प्रश्नपत्र किस केंद्र पर है। हालांकि शिक्षा विभाग के अधिकारी पेपर आउट होने की बात से इंकार करते रहे।
विज्ञापन

दूसरी पाली में गुरुवार को इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा होनी थी लेकिन सुबह करीब 10 बजे नगरा और आसपास के बाजारों में भौतिक विज्ञान की हल कापियां बिकने लगीं। नकल माफिया उन्हें केंद्रों का नाम बताते रहे जहां इससे संबंधित प्रश्नपत्र भेजे गए थे। परीक्षा की समाप्ति के बाद वायरल हुई हल कापियों के बारे में बताया गया कि इंटर भौतिकी प्रश्नपत्र के कोड 346 एक्सवी के प्रश्नों से हल कापियां मिल रही थीं। इस कोड के प्रश्नपत्र को ही किसी केंद्र से आउट कर नकल माफियाओं ने धड़ल्ले से हल कापियां बेचीं। हालांकि हल कापियों के वायरल होने के बाद से ही अधिकारी मामले की जांच में जुट गए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उधर, नगरा व आसपास के कई केंद्रों के आसपास घरों में कापियों को लिखे जाने की भी चर्चा खूब रही। डीआईओएस भास्कर मिश्र ने बताया कि कोई भी प्रश्नपत्र आउट नहीं हुआ है। हल कापियों से संबंधित प्रश्नपत्र होगा तो कार्रवाई होगी। हल कापियों के अलावा कापियां लिखे जाने की सूचना पर जांच पड़ताल की गई और इसको लेकर काफी सतर्कता बरती जा रही है। अभी तक कहीं से कोई ऐसा मामला पकड़ में नहीं आया है।
इंटर की परीक्षा में नौ परीक्षार्थी रस्टीकेट
बलिया। नकल विहीन परीक्षा के सख्ती बरती जा रही है। इसके बाद भी नकल पर रोक नहीं सकी है। बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में इंटर भौतिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान पांच परीक्षार्थियों को नकल करने के आरोप में रस्टीकेट कर दिया गया।
विज्ञापन

बोर्ड परीक्षा में बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान परीक्षा के दौरान तीन छात्र व पांच छात्राओं नकल के आरोप में रस्टीकेट किया गए। इंटर कॉलेज हरिपुर गड़वार के केंद्र व्यवस्थापक कन्हैया उपाध्याय व स्टेटिक सुपरवाइजर इंद्रासन गौतम द्वारा नकल करते हुए दो परीक्षार्थियों को सीसी कैमरा के माध्यम से पकड़ा। केंद्र व्यवस्थापक ने दोनों को रस्टीकेट कर दिया। इस केंद्र पर जंगली बाबा इंटर कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इसके अलावा पीएन इंटर कॉलेज दूबेछपरा से दो छात्राएं, बांसडीह इंटर कॉलेज से तीन छात्राएं व शिवजी सिंह इंटर कॉलेज रतसर से एक छात्र को नकल करते पकड़े जाने पर रस्टीकेट किया गया। उधर, बांसडीह के तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने गुरुवार को बांसडीह इंटर कॉलेज पर सुबह की पाली में हो रही गृह विज्ञान परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। महिला कक्ष निरीक्षकों के बाबत केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि दो शिक्षिकाएं अनुपस्थित हैं। तहसीलदार ने बांसडीह कोतवाली में अनुपस्थित दोनों शिक्षिकाओं पर मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें