बलिया। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में चकबंदी प्रक्रियाधीन गांवों की प्रगति की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की। लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि, चकबंदी अधिकारी को चेतावनी के निर्देश दिए।
उप संचालक चकबंदी मातादीन मौर्य को चकबंदी प्राधिकारियों, कानूनगो एवं लेखपालों की जिम्मेदारी तय कर, प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करने को कहा। चकबंदी कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर लेखपाल रवींद्र कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। पड़ताल कार्यों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की। चकबंदी अधिकारी चितबड़ागांव को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित चकबंदी के वादों के निस्तारण के साथ ही अन्य चकबंदी वादों के निस्तारण में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए। उप संचालक चकबंदी ने कहा कि वर्तमान में 44 ग्राम चकबंदी प्रक्रियाधीन हैं। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी सचेंद्र कुमार सिंह व नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।