बलिया। गांव तथा नगर क्षेत्र के हर वार्ड में बाहर से आए लोगों पर नजर रखने के लिए निगरानी समिति को लगातार सक्रिय किया जा रहा है। संयुक्त मजिस्ट्रेट अन्नपूर्णा गर्ग ने सोमवार को नगर पालिका परिषद बलिया क्षेत्र के वार्ड नंबर सात में निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। कहा कि गैर प्रांत या महानगरों से आए लोग होम क्वॉरंटीन का पालन कर रहे हैं या नहीं, इस पर नजर रखना है। इसमें आम लोगों का भी सहयोग ले सकते हैं। अगर कोई भी प्रवासी उल्लंघन कर रहा है तो तत्काल इसकी सूचना अपने अधिशासी अधिकारी को दें। वहां से जरूरत के हिसाब से कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। कहा कि इस गंभीर और लाइलाज बीमारी से लोगों को बचाने के लिए निगरानी समिति के सक्रिय रहना एकदम जरूरी है। बैठक में अधिशासी अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा, सभासद विनोद सिंह, निगरानी समिति के सदस्य आदि रहे।