जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में भट्ठा कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
हल्दी : बिहार प्रांत के आरा जिले के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के पिपरपाती निवासी शैलेंद्र प्रसाद (30) पुत्र चंद्रमा प्रसाद हल्दी थाना क्षेत्र के रेपुरा निवासी अवधेश राय के निरुपुर स्थित भट्ठे पर काम करता था। मंगलवार को वह बलिया से टेम्पो में सवार होकर वापस भट्ठे पर आ रहा था। निरुपुर ढाले पर टेम्पो से उतरकर सड़क पार करने लगा। तभी हल्दी से बलिया की तरफ जा रही बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर बाइक सवार कोतवाली क्षेत्र के काशीपुर निवासी रमन पांडेय (50) भी गिरकर घायल हो गया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। भट्ठा मालिक ने बताया कि शैलेंद्र की चार बेटियां है। उसकी यथा संभव मदद की जायेगी।
रसड़ा : कोटवारी निवासी शुभम सिंह (19) पुत्र जयप्रकाश सिंह रसड़ा से बाइक द्वारा घर जा रहा था डेहरी पुलिया के समीप साइकिल से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गया। मुंडेरा निवासी बाइक सवार राजेश सिंह (25) पुत्र रामलाल सिंह मुंडेरा चट्टी पर अनियंत्रित होकर पलट गया। नारायणपुर निवासी उपेंद्र चौहान (17) पुत्र सूर्यनाथ चौहान भेड़ को बचाने में सिंगही चट्टी के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया जिसमें शुभम की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के शंकरपुर चट्टी के पास बुधवार की सुबह सवारियों से भरा टेम्पो पलट गया। इस हादसे में बांसडीरोड थाना क्षेत्र के भीखपुर निवासी फुलवा देवी (40) पत्नी मनन शाह, सुखपुरा कस्बा निवासी बदुनिशा (26) पत्नी इमामुदीन अंसारी एवं आशिफ (5) पुत्र इमामुदीन अंसारी घायल हो गए। रामगढ़ : हल्दी थाना क्षेत्र के पचरुखिया स्थित एक निजी अस्पताल के सामने एनएच-31 पर पचरुखिया निवासी भगवान चौधरी (25) पुत्र स्व. हरेराम चौधरी व पत्नी गुंजन (23) अपने डेढ़ साल के बच्चे के इलाज के लिए पचरुखिया स्थित निजी चिकित्सक के यहां गए थे। इलाज कराने के बाद बाइक से लौट रहे थे कि कार की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गए।