बलिया। स्वतंत्रता संग्राम के महानायक शहीद मंगल पांडेय के पैतृक गांव नगवा में उनकी 193वीं जयंती पर विभिन्न संस्थाओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मैं उस धरती का नेतृत्व भारत की सदन में करता हूं जिस मिट्टी में मंगल पांडेय जैसे महान लोग पैदा हुए। उन्होंने शहीद मंगल पांडेय के नाम पर उनके पैतृक गांव में राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने के लिए यहां के स्थानीय लोगों को पहल कर प्रस्ताव करने की अपील की।
इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत व देशभक्ति गीत एवं अन्य संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का विद्यालय के प्रबंधक डॉ. बृकेश कुमार पाठक एवं प्रधानाचार्य रवि राय ने सम्मानित किया। उत्कृष्ट छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालक संजय प्रकाश पांडेय ने किया। उधर, शहीद मंगल पांडेय स्मारक समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त एवं पूर्व मंत्री सनातन पांडेय ने शहीद मंगल पांडेय को श्रद्धांजलि अर्पित की। सैकड़ों लोगों में कंबल का वितरण भी किया गया। आयोजक मंगल पांडेय स्मारक समिति के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने सभी अतिथियों को सम्मानित किया। गायक विजय पाठक व्यास ने सोहर गीत के साथ कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति की। अनिल राय, जवाहरलाल पाठक, चंद्रकुमार पाठक आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता डॉ. जनार्दन राय ने की। शहीद मंगल पांडेय विचार सेवा समिति ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। परिवार के सौरभ पांडेय को सम्मानित किया। कृष्णकांत पाठक, अरुण कुमार, विमल पाठक, विवेक सिंह, गणेशजी सिंह, पन्नालाल गुप्ता, नितेश पाठक थे।